मैं इस ब्लॉग का इस्तेमाल अपनी पसंदीदा कविताओं,कहानियों, को दुनिया के सामने लाने के लिए कर रहा हूँ. मैं इस ब्लॉग का इस्तेमाल अव्यावसायिक रूप से कर रहा हूँ.मैं कोशिश करता हूँ कि केवल उन्ही रचनाओं को सामने लाऊँ जो पब्लिक डोमेन में फ्री ऑफ़ कॉस्ट अवेलेबल है . यदि किसी का कॉपीराइट इशू है तो मेरे ईमेल ajayamitabhsuman@gmail.comपर बताए . मैं उन रचनाओं को हटा दूंगा. मेरा उद्देश्य अच्छी कविताओं,कहानियों, को एक जगह लाकर दुनिया के सामने प्रस्तुत करना है.


Saturday, 20 June 2015

ये मन-ईश्‍वर दत्‍त माथुर

हाँ, ये मन प्‍यासा कुआँ है
मन अंधा कुआँ है ।
मन एक ऐसा जुआ है
जो सब कुछ जीत कर भी
अतृप्‍त ही रहता है ।

जिसकी अभिलाषाओं का
पार नहीं ।
ये न मेरी बेबसी देखता है
न मेरी मुफ़लिसी ।

एक जिद्दी औरत की तरह
इसकी माँग मुझे बिकने को
मज़बूर करती है ।
मन पर महावत का अंकुश भी
बेमानी है ।

मन की छटपटाहट, बेचैनी
और उदासी
मुझे उद्वेलित करती है ।
इसके आचरण का
दास बने कोई ।

लेकिन
ये मन साधना की लगाम से
कतराता है, घबराता है ।
जो मन को अपने शिकंजे में
कसने के लिए तैयार तो है
लेकिन वृत्तियों को सहारा
तो देना ही पडेगा ।

श्रम और साधना
उपासना को साकार बना देंगे ।
फिर ये मन
प्‍यासा, अंधा, कुआँ
न जुआ होगा ।

एक विनम्र सदाचारी
विद्यार्थी की तरह
निर्मल रहेगा, ये मन
हाँ ! ये मन ।

No comments:

Post a Comment